दानदाताओं की सामग्री का उपयोग एवं रखरखाव करें नगर पालिका
पार्षद खुशबू अतुलकर
आमला। दान में मिली सामग्री और पार्क में अव्यवस्था को लेकर लोगों में नराजगी है। दरअसल वार्ड क्रमांक 9 के पूर्व पार्षद विजय अतुलकर को समाजसेवी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र उपाध्याय ने शिकायत की गई कि उनकी माता के स्मृति में उन्होंने नगर पालिका के नेहरू पार्क के सामने कोल्ड वाटर मशीन लगाई थी, जो कई महीनो से बंद पड़ी है। पूर्व में भी उन्होंने नगर पालिका कार्यालय में इसकी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पूर्व पार्षद विजय अतुलकर और वर्तमान पार्षद खुशबू विजय अतुलकर, राजेंद्र उपाध्याय, अजय सोलंकी नेहरू पार्क पहुंचे और फोन करके प्रभारी सीएमओ प्रकाश देशमुख, गणेश हारोडे, उल्लास जोशी, अरुण पवार, विनोद पेंदी को सूचना दी। पूर्व पार्षद विजय अतुलकर ने बताया कि नेहरू पार्क को कबाड़ में तब्दील कर दिया गया है। इस पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की। पूर्व पार्षद विजय अतुलकर ने बताया कि पार्क में किसी प्रकार की साफ सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। बच्चों के खिलौने पूरी तरह टूट गए हैं। पार्क गंदगी से भरा पड़ा है। पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने कहा कि श्री उपाध्याय द्वारा दी गई कोल्ड वाटर मशीन को नगर पालिका द्वारा संचालित करना चाहिए और उसकी देखभाल करना चाहिए, ताकि उपाध्याय परिवार द्वारा दान की गई इस मशीन का उपयोग नगर सहित ग्रामीण की जनता कर सके। पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने स्वास्थ्य प्रभारी एवं पार्क प्रभारी को एक सप्ताह के अंदर पार्क में सुचारु व्यवस्था एवं साफ सफाई सुचारू रूप से करने का अल्टीमेटम दिया है।
Views: 275









