राजीव गांधी जी की 82वीं जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया स्मर
खुशबू अतुलकर के नेतृत्व में हुआ आयोजन, छायाचित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
आमला। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी जी की 82वीं जयंती नगर कांग्रेस एवं युवक कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में शालीमार सेलिब्रेशन प्वाइंट, बस स्टैंड आमला में मनाई गई। कार्यक्रम पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव खुशबू विजय अतुलकर के नेतृत्व में आयोजित हुआ। जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा के आदेश एवं नगर कांग्रेस प्रभारी तथा पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष साबिर शाह के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से की गई। इसके बाद राजीव गांधी जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन और देश के लिए किए गए योगदान को याद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नगरवासी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने राजीव गांधी के योगदान को किया याद, बलिदान को बताया देश के लिए अमूल्य
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी एवं अधिवक्ता रमेश दामले ने राजीव गांधी जी के साथ अपने व्यक्तिगत परिचय और मुलाकातों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वे राजीव गांधी जी को प्रधानमंत्री बनने से पहले से जानते थे और उनसे मुलाकात करते रहे हैं। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष साबिर शाह ने कहा कि राजीव गांधी जी के बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता। नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय तोर सिंह सोलंकी ने कहा कि राजीव गांधी जी देश के छठवें प्रधानमंत्री थे और बहुत कम उम्र में देश की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। वक्ताओं ने राजीव गांधी जी के आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके विचारों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया।
केक काटकर मनाया जन्मदिन, पौधरोपण कर पौधे के संरक्षण का लिया संकल्प
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद वरिष्ठ कांग्रेसी रमेश दामले ने केक काटकर राजीव गांधी जी की जयंती मनाई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को जयंती की शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सिंदूर का पौधा लगाया गया। कार्यकर्ताओं ने पौधे की नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में नगर कांग्रेस प्रभारी साबिर शाह, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष देशमुख, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं पार्षद बिल्लू यादव, मदन साहू सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। पूर्व पार्षद विजय अतुलकर, शैलेंद्र खातरकर, राशिद खान, रेखा बबलू कनौजिया, अनिल उईके, हरिप्रसाद गोहे सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में युवक कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष पीयूष विजय अतुलकर की मुख्य भूमिका रही। कार्यक्रम में करीब आधा सैकड़ा से अधिक कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए।










