विधायक पंडागरे ने स्वतंत्रता दिवस पर लहराया तिरंगा, विकास की दी सौगातें
आमला। ध्वजारोहण से लेकर विकास का संकल्प स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधायक योगेश पंडागरे ने नगर भाजपा कार्यालय हवाई पट्टी पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित जनसमूह को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद वे सीएम राइज स्कूल पहुंचे, जहां छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें देश के भविष्य का कर्णधार बताया। कार्यक्रम के बाद विधायक जनपद कार्यालय पहुंचे और अपने संबोधन में कहा कि 15 अगस्त का यह दिन केवल जश्न का नहीं, बल्कि बलिदानों को याद करने का भी है। उन्होंने कहा कि हमारे देश को स्वतंत्र होने में लगभग 200 वर्ष का लंबा संघर्ष करना पड़ा, जिसमें अनगिनत वीर जवानों और सेनानियों ने अपने प्राण न्योछावर किए। आजादी के बाद हमारे देश को आर्थिक संकट, बेरोजगारी और भुखमरी जैसी चुनौतियों से उबरने में करीब आठ दशक का समय लगा। आज भारत विकास के पथ पर अग्रसर है और महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
2047 तक भारत को महाशक्ति बनाने का संकल्प
विधायक पंडागरे ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में भारत 2047 तक महाशक्ति बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश न केवल आत्मनिर्भर बन चुका है, बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि देशवासी जिस एकजुटता और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं, वह भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। विधायक ने इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी और बताया कि बुनियादी सुविधाओं और लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। पानी की समस्या के समाधान के लिए बैराज निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा और क्षेत्र की उन्नति के लिए लगातार नए प्रोजेक्ट लाए जाएंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर विकास की सौगातें
इस मौके पर विधायक पंडागरे ने जनता को कई विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने घोषणा की कि मेन मार्केट से जनपद चौराहे तक सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा। इसके अलावा जनपद चौराहे का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और बस स्टैंड से संतोषी माता मंदिर तक सड़क के बीच डिवाइडर का निर्माण होगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और शहर का स्वरूप और भी आकर्षक बनेगा। विधायक ने बताया कि इन सभी कार्यों के लिए मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य विधानसभा क्षेत्र में ऐसे विकास कार्य करवाना है, जिससे आने वाले समय में यह क्षेत्र एक आदर्श और आधुनिक क्षेत्र के रूप में पहचाना जाए।
Author: Ibn 24 Bharat
Post Views: 160











