पार्षद खुशबू अतुलकर ने विधायक से प्रत्येक वार्ड में विकास के लिए 10-10 लाख की राशि देने की रखी मांग
आमला। आमला नगर पालिका के समस्त वार्ड के विकास कार्य के लिए 10-10 लाख देने की मांग की है। इस संबंध में वार्ड क्रमांक 9 भगत सिंह की पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर द्वारा सारणी विधायक योगेश पंडाग्रे को पत्र भी लिखा है। पार्षद ने बताया कि विधायक द्वारा सभी वार्डों में राशि विकास कार्य के लिए दी जा रही है और समस्त पार्षदों से विकास कार्यों की सूची बना के सात दिन में नगर पालिका कार्यालय में जमा करने को कहा गया है। पार्षद ने बताया कि मेरे द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी के माध्यम से विधायक को पत्र लिखकर समस्त वार्डों में 10-10 लाख देने की मांग की गई है, क्योंकि वार्डों में नालियां, सडक़े, विद्युत पोल और सौंदर्यकरण जैसे बहुत सारे कार्य करवाने हैं, जो की इतनी कम राशि में नहीं हो सकता है। पार्षद ने बताया कि फंड के अभाव में इतने समय में सभी पार्षद गण अपने-अपने वार्डों में कुछ ज्यादा कार्य नहीं कर पाए। समस्त पार्षद गण विधायक निधि से अपने-अपने वार्ड में विकास कार्य करने की राह देख रहे हैं। जिसमें विधायक द्वारा साढे तीन लाख रूपए देना ऊंट के मुंह में जीरे जैसी कहावत हो जाएगी, इसीलिए मेरे द्वारा विधायक को पत्र देकर राशि बढ़ाने की मांग की गई है।
Views: 306









