आमला। वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव खुशबू विजय अतुलकर मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचीं, जहां उन्होंने एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया को ज्ञापन सौंपकर नगर में घर-घर गैस वितरण व्यवस्था लागू करने की मांग की। पार्षद ने बताया कि वर्तमान में गैस एजेंसी के कर्मचारी पिकअप वाहन नगर की मुख्य सड़कों पर खड़े कर सिलेंडर वितरण करते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे गैस टंकियां उतारने और फेंकने जैसी लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। राहगीरों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को भी इससे खतरा बना रहता है। पार्षद ने व्यवस्था को अव्यवस्थित बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की।
बुजुर्गों और महिलाओं को सिर व कंधों पर ढोना पड़ रहा गैस सिलेंडर
ज्ञापन में पार्षद खुशबू अतुलकर ने उल्लेख किया कि गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी का शुल्क लेने के बावजूद उपभोक्ताओं को बीच रास्ते से सिलेंडर ले जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। नगर की कई संकरी गलियों तक वाहन नहीं पहुंचने से बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे भारी गैस टंकियों को पैरों से धकेलते हुए या सिर और कंधे पर उठाकर घर तक ले जाते दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति आम नागरिकों के लिए बेहद परेशानी भरी और अपमानजनक है। खासतौर पर वार्ड क्रमांक 9 के बड़ाईचाल और बल्लाचाल जैसे अंतिम छोर वाले क्षेत्रों में नियमित गैस वितरण नहीं हो पा रहा है। पार्षद ने मांग की कि नगर पालिका के कचरा वाहन की तर्ज पर लोडिंग ऑटो के माध्यम से हर गली तक गैस सिलेंडर पहुंचाया जाए।
आंगनबाड़ियों के कायाकल्प और बेहतर व्यवस्था की भी उठाई मांग
जनसुनवाई के दौरान पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने नगर की आंगनबाड़ियों की समस्याओं का मुद्दा भी एसडीएम के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि कई आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति खराब है और वहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इस पर एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया ने जिला परियोजना अधिकारी ठाकुर एवं नगर पालिका के प्रकाश देशमुख को नगर की सभी आंगनबाड़ियों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। एसडीएम ने गैस एजेंसी संचालक को पत्र लिखकर जल्द ही नगर की प्रत्येक गली में लोडिंग ऑटो से गैस वितरण व्यवस्था शुरू कराने का आश्वासन भी दिया। पार्षद ने प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल किए जाने पर आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे नगरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।











