कलेक्टर सीएमओ से बोले – “मै सड़क पर उतरूंगा तभी काम होंगे क्या”, लल्ली चौक की नवनिर्मित सड़क का किया निरीक्षण
अधूरी सड़क और गंदगी देख कलेक्टर नाराज
बैतूल। शहर की प्रमुख सड़क कोतवाली से लेकर नगर पालिका के सामने तक सीमेंटीकरण के तहत बनाई जा रही है। लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति और सड़क किनारे की पिचिंग अधूरी होने से स्थानीय नागरिक लगातार परेशान हैं। शनिवार शाम कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने अचानक लल्ली चौक पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जगह-जगह गड्ढे, सड़क पर भरा बरसाती पानी और किनारे पड़े कचरे को देखकर कलेक्टर भड़क गए। उन्होंने नगर पालिका सीएमओ को कड़े शब्दों में फटकार लगाई और कहा – “क्या मुझे हर बार सड़क पर उतरना पड़ेगा तभी तुम लोग काम करोगे?” कलेक्टर ने साफ कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तुरंत सफाई व पिचिंग कार्य पूरा किया जाए।
ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को मिली सख्त चेतावनी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क निर्माण का कार्य देख रहे ठेकेदार को भी बुलाकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में पानी भरने की समस्या आमजन के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है, ऐसे में सड़क किनारे का फिलिंग कार्य और एप्रोच रोड को शीघ्र पूरा किया जाए। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग के अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए कि त्योहारों के पहले सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जाएं। सड़क किनारे पड़े कचरे और गंदगी को देखकर कलेक्टर ने सीएमओ को तुरंत सफाई करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की जिम्मेदारी है कि नई सड़क पर किसी भी तरह की गंदगी और अतिक्रमण न दिखे।
सड़क पर खड़े वाहनों और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
लल्ली चौक से कोतवाली तक सड़क पर खड़े वाहनों को देखकर कलेक्टर ने यातायात प्रभारी गजेंद्र केन को मौके पर बुलाया और सभी खड़े वाहनों का चालान बनाने के निर्देश दिए। दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी दी गई कि अपने दुकान का सामान सड़क तक न रखें और अतिक्रमण तुरंत हटाएं। कलेक्टर ने कहा कि त्योहारों के समय बाजार में आमजन को यातायात की समस्या न हो, इसके लिए पुलिस, नगर पालिका और सभी विभाग मिलकर कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर किसी भी तरह का अवैध पार्किंग या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा। देर शाम तक कलेक्टर निरीक्षण करते रहे और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Views: 180









