लाइफ करियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल और यूनिवर्सल हायर सेकेंडरी स्कूल आमला की छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी
टीआई बोले—बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता।
आमला। रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर आमला पुलिस थाने में एक भावनात्मक एवं सौहार्दपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लाइफ करियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं यूनिवर्सल हायर सेकेंडरी स्कूल, आमला की छात्राओं ने पुलिस थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह, सम्मान और विश्वास का संदेश दिया। पुलिसकर्मियों ने भी छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा हर परिस्थिति में बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर रहने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी आमला ने कहा कि बेटियों का सम्मान और उनकी सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन समाज में सुरक्षा, सहयोग और विश्वास का वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है। छात्राओं द्वारा पुलिसकर्मियों को राखी बांधना उनके प्रति सम्मान और विश्वास को दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से संवाद भी किया तथा उन्हें महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय की छात्राओं ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें राखी बांधकर सम्मानित करना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है।
कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों की छात्राओं, शिक्षिकाओं तथा आमला थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ की उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने पुलिस और विद्यार्थियों के बीच आपसी विश्वास, भाईचारे और सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया।










