आमला तहसील में खुलेआम रिश्वतखोरी: बाबू का घूस लेते वीडियो वायरल किसानों में आक्रोश
आमला तहसील के एक बाबू का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह बोरिंग की अनुमति दिलाने के एवज में किसानों से 1500-1500 रुपए ले रहा है। वीडियो सामने आने के बाद एसडीएम ने उनकी शाखा बदल दी और कलेक्टर को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा है।
वीडियो में दिखी घूसखोरी की सारी हकीकत
वीडियो में बाबू एक युवक से बोरिंग फाइल के एवज में 1500 रुपए लेते हुए दिख रहा है और बाकी रकम की भी मांग कर रहा है। बाबू कहता है, “मेरे को भी शाम में हिसाब करना पड़ता है, मेरे जेब से दूंगा क्या?” इससे साफ होता है कि बाबू रिश्वत की रकम का एक हिस्सा अपने उच्च अधिकारियों को देता है।
कांग्रेस ने प्रशासन पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता मनोज मालवे ने इस मामले को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है और कहा है कि यह रिश्वतखोरी का गंभीर मामला है। बाबू को निलंबित कर आमला से हटाया जाना चाहिए था। केवल शाखा बदलकर छोड़ देना रिश्वत को संरक्षण देना है।
एसडीएम की कार्रवाई पर सवाल
एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया ने बताया कि बाबू का वीडियो सामने आने के बाद उन्हें एसडीएम कार्यालय से नायब तहसीलदार कार्यालय कर दिया गया है और कार्रवाई के लिए कलेक्टर को प्रस्ताव भेज दिया गया है। लेकिन लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई नाकाफी है और बाबू को निलंबित किया जाना चाहिए।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
आमला लोगों का कहना है कि इस तरह के भ्रष्टाचार को रोकने के लिए प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि बाबू को निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।
Views: 824









